Tuesday, October 20th, 2026

PM और CM पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाले सरदार सेना के अध्यक्ष पर मुकदमा हुआ दर्ज

वाराणसी
नए कृषि कानूनों के विरोध में हाल ही में जुलूस निकालने वाले सरदार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरएस पटेल की मुसीबत बढ़ गई है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने पर डॉ. पटेल के खिलाफ वाराणसी के शिवपुर थाने में थाना प्रभारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। डॉ. आरएस पटेल की तलाश में पुलिस की दो टीम लगाई गई हैं।

शिवपुर थाना प्रभारी राजीव रंजन उपाध्याय के अनुसार, 26 जनवरी की रात वह गश्त के लिए क्षेत्र में निकले थे। इसी दौरान उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो देखा, इसमें सिंधौरा थाना के खानपुर के मूल निवासी और उसरपुरवा में रहने वाले डॉ. आरएस पटेल प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के जन्म स्थान और मूलवंश को लेकर अभद्र टिप्पणी कर रहे थे।

इस अपमानजनक टिप्पणी के संबंध में जिले के संभ्रांत लोगों ने भी उनके मोबाइल नंबर पर कॉल कर आपत्ति जताते हुए डॉ. आरएस पटेल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसलिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संबंध में अपमानजनक टिप्पणी करने के अलावा शांति और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास करने के आरोप में डॉ. आरएस पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

#PM#CM

Source : Agency

पाठको की राय